उदयपुर हत्याकांड को लेकर मेरठ जोन में हाईअलर्ट, इंटरनेट मीडिया पर निगरानी, सड़कों पर उतरे अफसर
पीआरवी को भी अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने को कहा गया है। एलआइयू और इंटेलीजेंस टीम से भी इनपुट एकत्र करने के लिए लगाया गया है। धर्म गुरुओं से भी बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर जा रही है।
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा का कथित समर्थन करने पर राजस्थान के उदयपुर में युवक की हत्या के बाद जोन में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सभरवाल ने जोन के सभी कप्तानों को सतर्कता के आदेश दिए। पैदल पेट्रोलिंग और गहनता से चेकिंग करने के लिए भी कहा गया है। स्पष्ट कर दिया कि जोन में माहौल बिगाड़ने वालों को कदापि बख्शा नहीं जाएगा। इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली कुछ आइडी चिह्नित की गई है। इंटरनेट मीडिया पर जांच के लिए जोन में 16 टीमें बनाई गई हैं। कुछ वाट्सएप ग्रुपों पर भी नजर रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्र पर विशेष फोकस बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उदयपुर में मंगलवार को हुई घटना के बाद एडीजी राजीव सभरवाल, आइजी प्रवीण कुमार, डीएम दीपक मीणा और एसएसपी रोहित सजवाण ने शहर के कई स्थानों पर भ्रमण किया। बीट कांस्टेबल को अपने-अपने क्षेत्रों में अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं। साथ ही पीआरवी को भी अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने को कहा गया है। एलआइयू और इंटेलीजेंस टीम से भी इनपुट एकत्र करने के लिए लगाया गया है। धर्म गुरुओं से भी बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर जा रही है। एडीजी ने बताया कि बुधवार को जोन के सभी जनपदों के पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने शहर और देहात में भ्रमण कर शांति व्यवस्था बनाए रखा।

जोन में सुरक्षा को लेकर की गई प्लानिंग :
-2400 वाट्सएप ग्रुप की हो रही निगरानी
-16 टीम बनाकर जोन में इंटरनेट मीडिया पर नजर रखी जा रही।
-200 आइडी चिह्नित की गईं, जो आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं।
-08 जनपद के सभी संवेदनशील प्वाइंटों पर पुलिस बल लगाया।

