देश

ईडी ने अवैध इमारतों से जुड़े धनशोधन मामले में नगर निगम के पूर्व प्रमुख को गिरफ्तार किया

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को अवैध इमारतों से जुड़े धनशोधन के एक मामले में वसई-विरार नगर निगम के पूर्व आयुक्त अनिल पवार और दो बिल्डर समेत तीन अन्य को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि पवार को मुंबई के बाहरी इलाके में स्थित वसई-विरार में 41 अवैध इमारतों के निर्माण से जुड़े कथित धनशोधन में उनकी भूमिका सामने आने के बाद गिरफ्तार किया गया।

इन इमारतों को बाद में नगर निकाय ने ध्वस्त कर दिया था। उन्होंने बताया कि ये इमारतें वसई के अचोले क्षेत्र में ‘डंपिंग ग्राउंड’ और अवजल शोधन संयंत्र के लिए आरक्षित भूमि पर बनाई गई थीं।

उन्होंने बताया कि पवार के अलावा केंद्रीय एजेंसी ने एक नगर योजनाकार और दो बिल्डर सीताराम और अरुण गुप्ता को भी गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद, उन्हें चिकित्सा जांच के लिए मध्य मुंबई स्थित सरकारी जे.जे. अस्पताल लाया गया।

उन्होंने बताया कि चारों को बृहस्पतिवार को एक स्थानीय अदालत में पेश किया जायेगा। ईडी ने पिछले महीने पवार से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसमें विरार स्थित उनका बंगला और मुंबई तथा नासिक स्थित आवास शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button