देश

इटावा में सनसनीखेज वारदात: प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने पति को कुल्हाड़ी से काटा, बच्चों को लेकर हुई फरार

इटावा। जनपद के कोतवाली भरथना क्षेत्र के अंतर्गत पड़ियापुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम संबंधों के चलते एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद आरोपी महिला अपने प्रेमी और बच्चों के साथ मौके से फरार हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त विवरण के अनुसार, 45 वर्षीय रणवीर सिंह यादव की घर के भीतर ही धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने रणवीर की पत्नी पूजा पर अपने प्रेमी अर्पित के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक, रणवीर और पूजा का विवाह वर्ष 2018 में हुआ था, लेकिन प्रेम संबंधों के विवाद के कारण घर में तनाव रहता था।

मृतक के भाई लालू ने बताया कि पूजा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रणवीर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी पत्नी अपने बच्चों को साथ लेकर प्रेमी के साथ भाग निकली। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को कब्जे में ले लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button