Bihar

आज से चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे नीतीश कुमार, इस दिन होगी प्रधानमंत्री की सभा

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के चुनाव अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर और कांटी विधानसभा क्षेत्रों से आरंभ होगा।

दिलीप जायसवाल ने पटना में संवाददाताओं से कहा, “आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनाव प्रचार की शुरुआत कर रहे हैं। बहुत संगठित और पारदर्शी तरीके से राजग के पांचों घटक दल एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि इस क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 अक्टूबर को अपना चुनाव अभियान शुरू करेंगे। “प्रधानमंत्री मोदी जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित कर अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दिन उनकी जनसभाएं समस्तीपुर और बेगूसराय में होंगी।”

“जनता का विश्वास राजग के साथ”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, “एक ओर कांग्रेस पार्टी कर्पूरी ठाकुर को ‘जननायक’ की उपाधि से वंचित करने की कोशिश कर रही है, जबकि दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी स्वयं उनके गांव जाकर भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि देकर चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। यही राजग और इंडिया गठबंधन के बीच का फर्क है।” उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार में राजग पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है और जनता का विश्वास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग के साथ है। .0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button