‘अर्जुन से मुझे अलग करने का सपना देखने वालों…’, तेज प्रताप ने तेजस्वी को लेकर किया ये इमोशनल पोस्ट

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव इन दिनों चर्चा में हैं। अनुष्का यादव के साथ उनकी तस्वीर वायरल होने के बाद लालू यादव ने उन्हें पार्टी और घर दोनों से बाहर निकाल दिया। तेज प्रताप ने रविवार को पारिवारिक दूरी पर चुप्पी तोड़ते हुए इमोशन पोस्ट किया। उन्होंने खुद को कृष्ण तो भाई तेजस्वी यादव को अर्जुन से संबोधित किया।

तेज प्रताप यादव ने एक्स पर महाभारत के श्रीकृष्ण-अर्जुन सग्राम की एक तस्वीर साझा की। साथ ही उन्होंने लिखा कि मेरे अर्जुन से मुझे अलग करने का सपना देखने वालों, तुम कभी अपनी साजिशों में सफल नहीं हो सकोगे, श्रीकृष्ण की सेना तो तुम ले सकते हो लेकिन खुद श्रीकृष्ण को नहीं। हर साजिश को जल्द बेनकाब करूंगा।

तेज प्रताप ने तेजस्वी को दिया आशीर्वाद
उन्होंने तेजस्वी यादव को आशीर्वाद देते हुए कहा कि बस मेरे भाई भरोसा रखना। मैं हर परिस्थिति में तुम्हारे साथ हूं, फिलहाल दूर हूं, लेकिन मेरा आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ था और रहेगा। मेरे भाई मम्मी पापा का ख्याल रखना, जयचंद हर जगह है अंदर भी और बाहर भी।
तेज प्रताप को परिवार की आई याद
तेज प्रताप यादव ने सुबह में भी एक पोस्ट किया था। उन्होंने कहा कि मेरे प्यारे मम्मी पापा! मेरी सारी दुनिया बस आप दोनों में ही समाई है। भगवान से बढ़कर है आप और आपका दिया कोई भी आदेश। आप है तो सबकुछ है मेरे पास। मुझे सिर्फ आपका विश्वास और प्यार चाहिए ना कि कुछ और। पापा आप नहीं होते तो ना ये पार्टी होती और ना मेरे साथ राजनीति करने वाले कुछ जयचंद जैसे लालची लोग। बस मम्मी पापा आप दोनों स्वस्थ और खुश रहे हमेशा।



