अमन चैन के साथ मनाएं ईद का त्योहार: जिलाधिकारी
ईद के पर्व को लेकर जिलाधिकारी ने की शांति समिति की बैठक

बिना अनुमति के धार्मिक जुलूस ना निकाला जाए
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर
बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत के जिला जिलाधिकारी राज कमल यादव ने आज कलेक्ट्रेट सभागर में संबंधित अधिकारियों, धर्मगुरुओं, समाज के अन्य प्रतिष्ठितजनों के साथ ईद के पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक की।
जिलाधिकारी ने कहा रमजान का माह चल रहा है, इसलिए सभी अधिकारी सतर्क रहें।
3 मई को ईद पर्व को कोविड प्रोटोकॉल के साथ मनाएं। उन्होंने अधिकारियो को निर्देश दिए कि सभी अपने अपने क्षेत्र थानों में शांति समिति की बैठक करें और जो समस्याएं हों उनका तत्काल समाधान करें। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में साफ सफाई व चूने की व्यवस्था होनी चाहिए। बिजली अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली नियंत्रित चलती रहे। उन्होंने कहा अमन चैन को कायम रखना, आमजन को सुरक्षा व्यवस्था प्रदान करने के लिये प्रशासन है। सभी लोग त्यौहार को शांति पूर्वक और सौहार्द के साथ मनाएं। यदि कोई भी अफवाह जनक संदेशों से माहौल को खराब करने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा माइक आदि का प्रयोग कम से कम किया जाए जिससे कि लाउड स्पीकर की आवाज से विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में असुविधा न हो। कहीं भी धार्मिक स्थल पर नई जगह माइक न लगाया जाए। किसी भी अवस्था में बिना अनुमति के धार्मिक जुलूस न निकाली जाए।
जिलाधिकारी ने धर्म गुरुओं व समाज के प्रतिष्ठित लोगों से अनुरोध किया है कि किसी भी धर्म संप्रदाय को किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं होगी।
पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने कहा जो भी दिशा निर्देश शासन के हैं उनका शत-प्रतिशत पालन करना हम सभी का कर्तव्य है। सार्वजनिक स्थानों पर कोई भी धार्मिक आयोजन न किए जाएं, यदि कोई आयोजन करना है तो अनुमति अवश्य ले ली जाए। कोई भी नई चीज, नई परंपरा न चलाई जाए। अगर कहीं ऐसा होता पाया जाता है तो उसकी सूचना प्रशासन को अवश्य दें, उस पर विधिक कार्यवाही की जाएगी। कानून व्यवस्था प्रत्येक अवस्था में कायम रहे, सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहारों को मनाए और कोविड- प्रोटोकॉल का पालन करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ उपजिलाधिकारी बागपत अनुभव सिंह, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, सभी धर्मों के धर्मगुरु आदि उपस्थित रहे।




