देश

होली के दिन चाकूबाजी में घायल व्यवसायी की इलाज के दौरान मौत, दो आरोपित गिरफ्तार

रांची। राजधानी रांची के विधानगर इलाके में होली के दिन हुई चाकूबाजी की घटना में घायल व्यवसायी की इलाज के दौरान मौत हो गई। व्यवसायी विजय कुमार की मौत के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और विरोध स्वरूप जेपी मार्केट को बंद कर दिया गया।

दरअसल, विजय कुमार होली के दिन अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों के बीच झगड़ा हो रहा था। बताया जाता है कि विजय कुमार झगड़ा शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात उनकी मौत हो गई।

इस मामले में धुर्वा थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में बिट्टू उर्फ रोहित और अजीत यादव शामिल हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।

मामले पर जानकारी देते हुए हटिया के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि मृतक विजय कुमार की जेपी मार्केट में हार्डवेयर की दुकान थी और वे इलाके के जाने-माने व्यवसायियों में गिने जाते थे। उनकी मौत के बाद व्यापारियों में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button