देश

हाईवे पर भीषण हादसा: अहमदाबाद के एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

अहमदाबाद। उत्तर गुजरात में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार तड़के उंझा-मेहसाणा हाईवे पर उनावा गांव के पास होटल कॉमफी के सामने एक सड़क दुर्घटना में अहमदाबाद के एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार कुमावत परिवार राजस्थान में एक विवाह समारोह में शामिल होकर इको कार से अहमदाबाद लौट रहा था। इसी दौरान उनावा के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

इस हादसे में दो पुरुष, एक महिला और एक मासूम बच्चे सहित कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामलाल लखाजी कुमावत, कोमल मदनलाल कुमावत, कैलाशभाई रामलाल कुमावत और एक बच्चे के रूप में हुई है। वहीं, कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही उनावा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button