हस्तिनापुर में युवक की हत्या के आरोपितों के घर में आगजनी और पथराव,पुलिस बल तैनात

मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के पलड़ा गांव में युवक की हत्या के बाद सोमवार को परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने हत्या के आरोपितों के घर में आगजनी के बाद पथराव किया। सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।

हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के पलड़ा गांव में रविवार शाम को बाइक सवार बदमाशों ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विशु की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद लोगों ने शव को मवाना-हस्तिनापुर रोड पर थाने के तिराहे पर रखकर जाम लगा दिया था। परिजनों का आरोप है कि आरोपित दूसरे समुदाय के हैं। गांव में दो समुदायों के बीच संघर्ष हुआ था, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। होली पर आठ मार्च को भी बुग्गी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। जिसमें पुलिस पर लापरवाही बरतने के आरोप लगे थे। रविवार शाम को ही एसएसपी रोहित सजवाण, एसपी देहात कमलेश बहादुर, एसपी क्राइम अनित कुमार समेत कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची थी।

आईजी नचिकेता झा ने भी गांव में पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस द्वारा ग्राम प्रधान समेत तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद लोगों ने जाम खोला था। सोमवार को विशु के अंतिम संस्कार के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपितों के घरों में आगजनी और पथराव कर दिया। इसके बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। एसपी देहात कमलेश बहादुर और एसपी क्राइम अनित कुमार मौके पर डटे हुए हैं। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के मुताबिक, हत्या के आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। आगजनी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

