uttar pradesh

‘हम मुसलमान, क्या यही हमारा कसूर…एक-एक पैसा जोड़कर घर बनाया है, योगी जी रहम करिए”, घरों में नोटिस चस्पा तो बोलीं महिलाएं

उत्तर प्रदेश के बरेली में हाल ही में हुए बवाल के बाद नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। वर्षों से लंबित पड़ी शिकायतों पर अब तेजी से कार्रवाई शुरू हो गई है। वार्ड-54 भूड में नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से बने 27 मकानों के खिलाफ निगम प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए नोटिस जारी कर दिए हैं। इन नोटिसों के चस्पा होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। नोटिस के बाद लोगों के चेहरों पर गुस्सा और डर नजर आ रहा है। लोग अपने घरों से नहीं निकल रहे। गलियों में सन्नाटा दिखा, बस कुछ ही लोग सड़क पर दिखाई दिए।

”हमारा कसूर यही है कि हम मुसलमान हैं”
27 मकानों पर नोटिस चस्पा दिए गए है और इन्हें सिर्फ 15 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद शाहबाद इलाके में रहने वाले लोगों ने कहा कि हम लोग 40-50 साल से यहीं पर रह रहे हैं। हमारी पूरी जिंदगी यहीं पर बीत गई है। एक-एक पैसा जोड़कर अपना घर बनवाया है। अब हम अपनी आंखों के सामने अपना घर कैसे टूटते देख सकते हैं। योगी जी, हम पर रहम करिए। हमारा कसूर यही है कि हम मुसलमान हैं।’ उन्होंने कहा कि हम मर जाएंगे, लेकिन अपना घर नहीं छोड़ेगे। यहीं हमारी जिंदगी बसी है। अब कहां जाएं, हमारे बच्चे यहीं बड़े हुए हैं। अब हम यहां से नहीं जाएंगे, अगर जाएगी तो हमारी लाशें ही जाएंगी। हमने कोई गलत काम नहीं किया।

अवैध रूप से बनाए गए मकान 
नगर निगम एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने बताया कि संबंधित भूमि निगम की सरकारी संपत्ति है, जिस पर कब्जेदारों द्वारा अवैध रूप से मकान बनाए गए हैं। इस संबंध में सभी 27 अतिक्रमणकारियों (घर बनवाकर रहने वाले) को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे नोटिस जारी होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर स्वयं कब्जा हटाकर इसकी लिखित सूचना नगर निगम कार्यालय को दें। वार्ड-54 भूड स्थित प्राथमिक विद्यालय शाहबाद कोहाड़ापीर पास विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी भूमि का है। इस भूमि पर नगर निगम बरेली की स्वामित्व वाली संपत्ति होने के बावजूद कुछ लोगों ने कब्जा कर पक्के मकान और दुकानें बना ली थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button