हनुमान जयंती पर हुआ कार्यक्रमों का आयोजन
विधि-विधान के अनुसार हनुमान जी की श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना सुंदर कांड व रामचरितमानस पाठ हुए संपन्न

गुडग़ांव (अशोक): भगवान श्रीराम के परमभक्त अंजनिपुत्र हनुमान
की जयंती के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों सामाजिक व धार्मिक
संस्थाओं द्वारा शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर जहां
अंजनिपुत्र की पूजा-अर्चना की, वहीं विशाल भण्डारों का आयोजन भी किया
गया, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शहरी व
ग्रामीण क्षेत्रों स्थित मंदिरों, शिवालयों व आश्रमों में श्रद्धालुओं का
तांता लग रहा और वे पूरे विधि-विधान के अनुसार हनुमान जी की पूजा-अर्चना
करते दिखाई दिए। शहर के विभिन्न मंदिरों व आश्रमों में चल रहे सुंदर कांड
व रामचरितमानस पाठ संपन्न हुए। हवन-यज्ञ का आयोजन भी किया गया। सैक्टर 4
स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में जहां श्रद्धालुओं ने पूरे विधि विधान के
अनुसार हनुमान जी की पूजा-अर्चना की, वहीं सुंदरकांड का पाठ भी किया गया,
जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिला श्रद्धालु शामिल हुई। मंदिर का
संचालन करने वाली मैत्री कल्याण मंच के चेयरमैन एसएस दहिया ने बताया कि
मंदिर के पुजारी पंडित प्रमोद व अतुल ने अंजनिपुत्र की विधिवत रुप से
पूजा कराई। सुंदर कांड पाठ के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया
गया। धार्मिक आयोजनों में पंडितों ने कहा कि हनुमान जी अजर-अमर हैं। वह
संकटमोचन हैं तथा सभी के दुखों को हरते हैं। श्रद्धालु हर मंगलवार को
हनुमान जी की पूजा-अर्चना करते हैं, जिससे उनके रुके हुए काम भी बन जाते
हैं और उनका जीवन मंगलमय हो जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया
कि हनुमान जी से संबंधित सुंदरकांड व हनुमान चालीसा की जानकारी सभी को
होनी चाहिए। इनकी प्रतियां निशुल्क रुप से वितरित करनी चाहिए, ताकि आम
आदमी को भी हनुमान जी से संबंधित पूरी जानकारी मिल सके।




