सीतापुर के दिव्यांग क्रिकेटर अंकुर का धमाल, रेडिएंट पैरा क्रिकेट लीग वर्ल्ड सीरीज 2025 के लिए चयनित

सीतापुर। सीतापुर के महोली तहसील अंतर्गत टीकर क्षेत्र के ग्राम सेमौरा-रिछाही निवासी अंकुर कुमार ( 20 वर्ष) को रेडिएंट पैरा क्रिकेट लीग वर्ल्ड सीरीज़ 2025 के लिए चयनित किया गया है। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया ने चयन पत्र जारी कर उनकी प्रतिभा पर मुहर लगा दी है।

नीति आयोग, भारत सरकार के साथ पंजीकृत बोर्ड तथा अंतर्राष्ट्रीय शारीरिक रूप से विकलांग क्रिकेट परिषद और अंतर्राष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट परिषद से संबद्ध यह बोर्ड आगामी विश्व विकलांगता दिवस पर इस लीग का आयोजन कर रहा है। प्रतियोगिता 26 नवंबर से 3 दिसंबर 2025 तक चलेगी। यह टूर्नामेंट आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होगा, जिसमें देशभर के दिव्यांग खिलाड़ियों की छह टीमें हिस्सा लेंगी।

अंकुर ने निखारी अपनी प्रतिभा
सीतापुर में लगभग 25 वर्षों से केवीएस क्रिकेट अकादमी का संचालन कर रहे स्वदेश श्रीवास्तव ने हिन्दुस्थान समाचार से बताया कि रिछाही महोली का रहने वाले दिव्यांग अंकुर केवीएस क्रिकेट अकादमी से लगभग 3 वर्षों से जुड़े थे । यह आरएमपी डिग्री कॉलेज के छात्र थे और कॉलेज के मैदान पर शाम के समय रोज होने वाली अकादमी से जुड़े बच्चों की प्रेक्टिस देखना यह आया करते थे। इसके अंदर अभ्यास करने की इच्छा हुई और मुझसे अपनी इच्छा को जाहिर की। प्रैक्टिस के दौरान धीरे-धीरे अंकुर बहुत अच्छा खेलने लगा।अंकुर की इस उपलब्धि पर जनपद के युवा खिलाड़ियों एवं केवीएस अकादमी के संरक्षक अनूप गुप्ता व अध्यक्ष विश्ववीर गुप्ता ने प्रसन्नता जाहिर की है।



