टॉप न्यूज़

सपा विधायक इरफान सोलंकी के साथीयों पर दूसरे दिन भी एक्शन जारी,3 करोड़ के 5 फ्लैट सील

 

कानपुर। कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी के साथी गैंगस्टर शौकत पहलवान की अन्य संपत्तियों पर पुलिस का एक्शन जारी है। शनिवार को 5 मंजिला फ्लैट जब सील किया गया तो करीब 500 लोगों की भीड़ जमा थी। 14/43 ग्वालटोली स्थित प्रॉपर्टी को सील करने के लिए भारी पुलिस फोर्स पहुंची है।

आपको बता दें कि शुक्रवार को पुलिस ने जाजमऊ स्थित 20 करोड़ की संपत्ति को सील किया था। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को सील की गई संपत्ति शौकत के बेटे शेखू के नाम पर है। संपत्ति की कीमत करीब 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। दो दिन में कुल 23 करोड़ रुपए की संपत्ति सील की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 80 वर्ग गज में 5 फ्लैट बनाए गए हैं। जब पुलिस ने जांच की तो इसमें एक भी फैमिली नहीं रह रही थी। कार्रवाई के बाद 2 फैमिली मोहम्मद सफी और मोहम्मद हासिम परिवार के साथ फ्लैट में रह रहे थे। पुलिस की सख्ती के आगे दाेनों फैमिली मकान 10 मिनट के अंदर खाली करके चली गईं। फैमिली के पास गृहस्थी भी नहीं थी। पुलिस के मुताबिक, लोगों ने कोई डॉक्यूमेंट भी नहीं दिखाया।

सीसामऊ विधानसभा से सपा विधायक इरफान सोलंकी पर महिला का घर फूंकने के आरोप के बाद पुलिस का शिकंजा कसता चला जा रहा है। पुलिस ने एक महीने के भीतर इरफान के खिलाफ एक के बाद एक गैंगस्टर एक्ट समेत 8 मुकदमे दर्ज किए थे। 26 दिसंबर 2022 को पुलिस ने सपा विधायक इरफान सोलंकी समेत अन्य 4 पर गैंगस्टर एक्ट लगाया था।

पुलिस ने गैंग में सपा नेत्री के पिता शौकत पहलवान को भी शामिल किया था। पुलिस के मुताबिक अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की गई। हिस्ट्रीशीटर इसराइल आटे वाला, मोहम्मद शरीफ की भी करोड़ों की संपत्ति जब्त होनी हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत ही पुलिस संपत्तियों को अटैच करने की कार्रवाई कर रही है। शौकत पहलवान और विधायक इरफान सोलंकी बिजनेस में भी पार्टनर रहे हैं।

जॉइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि सपा विधायक और उनके गैंग के साथियों की करीब 27 प्रॉपर्टी को चिह्नित किया गया है। इनकी कुल कीमत करीब 200 करोड़ रुपए आंकी गई है। सभी संपत्तियों को सील किया जाएगा। आज ग्वालटोली स्थित संपत्ति को सील किया गया है।

इरफान सोलंकी की जो संपत्तियां जब्त होनी है, वो ग्वालटोली, चमनगंज, कोतवाली, जाजमऊ और चकेरी थाना क्षेत्रों में हैं। जॉइंट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सपा विधायक इरफान के भाई रिजवान की भी करोड़ों की बेनामी संपत्ति है। वह उन्नाव का भूमाफिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button