uttar pradesh

संभल में गिराया जा रहा अवैध मैरिज हॉल, क्या तालाब पर बनी मस्‍जिद पर भी चलेगा बुलडोजर? भारी पुलिसबल तैनात

उत्तर प्रदेश में अवैध अतिक्रमण को लेकर ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। इसी कड़ी में संभल में तालाब पर अवैध तरीके से बनाई गई मस्जिद पर बुलडोजर गरजेगा। आज मैरिज हॉल को गिराया जा रहा है। इसके बाद मस्जिद को ध्वस्त किया जाएगा।

प्रशासन का दावा है कि संभल के राया बुजुर्ग गांव में मस्जिद और मैरिज हॉल तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया गया है। प्रशासन की टीम पहले मैरिज हॉल गिरा रही है। इसे देखते हुए गांव को छावनी में बदल दिया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद मस्जिद पक्ष के लोगों के बीच बेचैनी बढ़ गई है।

ग्रामीणों से घरों में रहने की अपील

मामले को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गांव में घोषणा की थी कि सभी घरों में रहें और बाहर न निकलें। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से एक दिन पहले प्रशासन ग्रामीणों के साथ बैठक कर चुकी है।

‘पर्याप्त समय दिया, फिर भी नहीं तोड़ा तो अब…’

संभल SP के.के. बिश्नोई ने तोड़फोड़ अभियान पर कहा, ‘यहां इन्हें 30 दिनों का समय दिया गया था। 30 दिन बाद भी जब इनके द्वारा इसे नहीं तोड़ा गया तो प्रशासन द्वारा निर्णय लिया गया कि इसे स्वयं तोड़ा जाएगा। यह एक अवैध निर्माण था। इन्हें पर्याप्त समय दिया गया था। यहां पुलिस की पूरी व्यवस्था है। यहां ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। यह काफी बड़ा क्षेत्र है। इस जगह का निर्माण कई बीघा जमीन पर किया गया था।’

’30 दिन पहले हुआ था आदेश जारी’

संभल DM डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने कहा, ‘जिले भर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। यह तालाब की जमीन है जिस पर एक बड़ा मैरिज पैलेस बना है। तहसीलदार ने 30 दिन पहले इसे गिराने का आदेश जारी किया था। इसके बाद कोई अपील दायर नहीं की गई इसलिए आज ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘कोर्ट में सभी पक्षों को सुना गया। उसके बाद तहसीलदार कोर्ट ने आदेश जारी किया और हम उसी के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं। सभी की राय है कि अगर यह अवैध रूप से बना है, तो इसे गिरा दिया जाना चाहिए।’

ड्रोन कैमरों से की जा रही निगरानी

अब तक की जानकारी के अनुसार, मस्जिद को इंतजामिया कमेटी गिराएगी। गांव में विरोधाभास के चलते पीएसी जवानों के अलावा कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। साथ ही ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button