शामली: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 92 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, अब बेटियों की शादी के लिए मिलेंगे 1 लाख रुपये

शामली। जनपद के माजरा रोड स्थित कृष्णा गार्डन में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शामली और कैराना क्षेत्र के कुल 92 जोड़ों का विवाह और निकाह पूरी भव्यता और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) मोहित बेनीवाल और सदर विधायक प्रसन्न चौधरी मौजूद रहे।
योजना की राशि बढ़कर हुई 1 लाख रुपये

नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए एमएलसी मोहित बेनीवाल ने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस योजना के तहत दी जाने वाली सहायता राशि में बड़ी वृद्धि की है। अब प्रति जोड़ा 1 लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। इसमें से 60,000 रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजे जाएंगे, जबकि 25,000 रुपये की वैवाहिक सामग्री (चांदी की पायल, बिछिया, वस्त्र आदि) वर-वधू को प्रदान की जाएगी। शेष 15,000 रुपये विवाह आयोजन की व्यवस्थाओं जैसे भोजन, टेंट और संस्कार आदि पर व्यय किए जाएंगे।

43 हिंदू और 49 मुस्लिम जोड़ों का हुआ मिलन
समारोह की सबसे खास बात इसकी सामाजिक समरसता रही। कार्यक्रम में 43 हिंदू जोड़ों ने फेरे लिए, वहीं 49 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ा गया। जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र वितरित किए और उन्हें उपहार के रूप में लड्डू व ड्राई फ्रूट्स की टोकरियां भेंट कीं।
पारदर्शिता के लिए बायोमैट्रिक और फेशियल अटेंडेंस
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य समाज के सबसे अंतिम और निर्धन व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना है। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष से योजना में पूरी पारदर्शिता बरतने के लिए जोड़ों की बायोमैट्रिक और फेशियल अटेंडेंस (चेहरा पहचान प्रणाली) अनिवार्य कर दी गई है। इसके उपरांत ही विवाह की प्रक्रिया पूर्ण मानी जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी ने बताया कि 3 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवार इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन परियोजना निदेशक प्रेमचंद द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रीतू रस्तोगी, ब्लॉक प्रमुख पति जय देव मलिक, अमित विश्वकर्मा सहित भारी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और वधु पक्ष के परिजन उपस्थित रहे।



