मुजफ्फरनगर शामली

शामली: बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत श्री सनातन संस्कृत माध्यमिक विद्यालय में 15 किशोरी क्लबों की स्थापना

शामली। बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत आज 9 फरवरी 2026 को महिला कल्याण विभाग, शामली द्वारा श्री सनातन संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, लाक में 15 किशोरी क्लबों की स्थापना की गई। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देशों एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुशफेकीन के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

किशोरी क्लबों की स्थापना का उद्देश्य बालिकाओं के मनोरंजन, स्वास्थ्य और शारीरिक विकास को बढ़ावा देना है, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी रुचि बनाए रखें। प्रत्येक क्लब में 5-5 छात्राओं को शामिल किया गया है। इस अवसर पर छात्राओं को कैरम बोर्ड, लूडो, शतरंज, हॉकी, वॉलीबॉल सहित अन्य खेल सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने की। महिला कल्याण विभाग से जिला मिशन कोऑर्डिनेटर सदफ खान ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज बेटियां खेल, विज्ञान, तकनीक, कॉर्पोरेट जगत और देश की सुरक्षा सहित हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में रुचि रखना आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ दिमाग का विकास होता है।

कार्यक्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट कुलदीप शर्मा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री निराश्रित महिला पेंशन योजना, बाल सेवा योजना (सामान्य/कोविड), स्पॉन्सरशिप योजना, वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 1098, 102, 108, 112, 181, 1090, 1076 के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणाम और दंड प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई।

महिला कल्याण विभाग ने जानकारी दी कि बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत 12 फरवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कैराना में क्षमता संवर्धन गतिविधि का आयोजन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button