देश

शादी समारोह से लौट रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत

कोलकाता। दक्षिण 24 परगना के बकुलतला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई भीषण दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मरने वाले की पहचान नीलरतन मण्डल (65) के रूप में हुई है। घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घायलों को स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बारुईपुर अस्पताल रेफर किया गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कूलतली थाना क्षेत्र के 11 सुरेन बाबुरचक से लगभग 30 लोग जयनगर थाना क्षेत्र के विश्वासचक स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। भोजन करने के बाद सभी लोग मोटरवैन से वापस लौट रहे थे। लौटते समय नओपुकुरिया के पास अचानक मोटरवैन का एक चक्का फट गया। चक्का फटते ही चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधा सड़क किनारे स्थित एक तालाब में जा गिरा।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। बाद में बकुलतला थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही तालाब में कोई और गिरा था या नहीं, यह पता लगाने के लिए जाल डालकर खोजबीन भी की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button