विधान सभा परिसर में सोनू कश्यप हत्याकांड के विरोध में समाजवादी पार्टी का जोरदार धरना

लखनऊ। विधान सभा परिसर में समाजवादी पार्टी ने सोनू कश्यप की निर्मम हत्या के खिलाफ सरकार के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के सदस्य विधान परिषद (MLC) किरण पाल कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार में हमारे समाज पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “सोनू कश्यप को जिंदा जला दिया गया, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यह अत्यंत निंदनीय है।”

कश्यप ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो कश्यप समाज चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा प्रदान की जाए।
समाजवादी पार्टी ने धरना-प्रदर्शन के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि अब अन्याय और अत्याचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



