लंबित पड़े विवादों को लेकर मुंजाल शोवा का प्रतिनिधिमंडल मिला उपायुक्त से, सौंपा ज्ञापन
जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों स्थित कई प्रतिष्ठानों में श्रमिक विवाद लंबित चले आ रहे हैं, जिससे श्रमिकों में रोष व्याप्त होता जा रहा है

गुडग़ांव। जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों स्थित कई प्रतिष्ठानों में श्रमिक विवाद लंबित चले आ रहे हैं, जिससे श्रमिकों में रोष व्याप्त होता जा रहा है। श्रमिक यूनियनें प्रतिष्ठानों के संचालकों पर हठधर्मिता व श्रमिकों को नाहक परेशान करने के आरोप लगाती रही हैं। मंगलवार को श्रमिक संगठन एटक के जिला महासचिव कामरेड अनिल पंवार की अध्यक्षता में मुंंजाल शोवा मानेसर व उद्योग विहार का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला और उन्हें ज्ञापन भी दिया। अनिल पंवार ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने दोनों संस्थाओं के प्रबंधकों की श्रम विरोधी नीतियों की जानकारी भी दी और उपायुक्त से आग्रह किया गया कि यदि श्रमिक विवादों का समय रहते समाधान नहीं कराया गया तो श्रमिक अशांति व्याप्त होने की प्रबल संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह भी किया है कि औद्योगिक क्षेत्रों में अन्य प्रतिष्ठानों में भी चल रहे श्रमिक विवादों का अबिलंव समाधान कराया जाए, ताकि आने वाले परेशानियों से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि वह शीघ्र ही प्रंबधन व श्रमिक यूनियन की बैठक बुलाएंगे, जिसमें लंबित पड़े इन मामलों का समाधान करा दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में श्रमिक नेता सुरेंद्र सिंह, मनोज कुमार, चंदन सिंह, श्यामलाल, विजय गुलाटी, राजेश कुमार, सतीश धानियां, प्रवीण कुमार, नरेश राणा, संदीप, अशोक, धीरेंद्र गुप्ता आदि शामिल रहे।




