राज्य
Trending
रेलवे फाटक पर चला कार्य, पूरी रात लगा रहा जाम
सुबह फाटक खुलने के बाद वाहन चालकों को मिली राहत


शामली। स्थानीय धीमानपुरा रेलवे फाटक पर मरम्मत के चलते बुधवार की रात से गुरुवार की सुबह तक फाटक बंद होने से जहां वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पडा वहीं वाहनों की भी लंबी-लंबी लाइनें लग गयी। सुबह कार्य निपटने के बाद रेलवे फाटक खुला जिसके बाद जाम से भी राहत मिली। जानकारी के अनुसार बुधवार की रात रेलवे विभाग द्वारा शहर के धीमानपुरा स्थित रेलवे फाटक की मरम्मत का कार्य प्रारंभ कराया गया। इस दौरान रेलवे फाटक को भी बंद कर दिया गया जिसके चलते थोडी ही देर बाद फाटक पर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग गयी जिससे शहर में जाम की स्थिति पैदा हो गयी, जरूरी काम से घरों से निकलने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पडी। कुछ बाइक सवार तो फाटक से नीचे से होकर निकलने में कामयाब रहे लेकिन बडे वाहनों को ठहरना पडा। रेलवे फाटक पर मरम्मत का कार्य पूरी रात जारी रहा। गुरुवार की सुबह भी काम जारी रहने से रेलवे फाटक से लेकर गुरुद्वारा तिराहा, एसटी तिराहे तक वाहनों की लंबी लंबी लाइन लगी रही। बाद में कार्य के समाप्त होने पर रेलवे फाटक खुला जिसके बाद वाहन चालकों को राहत मिली।



