राहुल गांधी के रॉबर्ट वाड्रा का बचाव करने पर भड़की BJP, कहा- संवैधानिक पद का इस्तेमाल कर परिवार को बचा रहे
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अपने परिवार के अपराधों को ‘‘संरक्षण’’ देने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में अपने संवैधानिक पद का दुरुपयोग करने का शनिवार को आरोप लगाया।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अपने परिवार के अपराधों को ‘‘संरक्षण’’ देने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में अपने संवैधानिक पद का दुरुपयोग करने का शनिवार को आरोप लगाया। कांग्रेस नेता द्वारा अपने बहनोई रॉबर्ट वाड्रा का बचाव किए जाने पर भाजपा राहुल गांधी पर लगातार निशाना साध रही है। वाद्रा पर प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन का आरोप लगाया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने संवाददाताओं कहा कि सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से पहले विपक्षी ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन ‘‘आंतरिक कलह और बिखराव’’ से जूझ रहा है।

आम आदमी पार्टी (आप) ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह अब गठबंधन में शामिल नहीं है, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने केरल सरकार पर गांधी के हमले के बाद उनकी आलोचना की थी।
गांधी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा हरियाणा के शिकोहपुर में एक जमीन सौदे से जुड़े धन शोधन के मामले में रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जाने के बाद शुक्रवार को उनका खुलकर बचाव करते हुए कहा था कि दुर्भावनापूर्ण एवं राजनीति से प्रेरित कार्रवाई हो रही है, लेकिन वह अपने बहनोई और उनके परिवार के साथ खड़े हैं।
गांधी की इस टिप्पणी के मद्देनजर भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस नेता के लिए यह स्पष्ट रूप से पारिवारिक मुद्दा है, न कि राजनीतिक।
त्रिवेदी ने सवाल किया कि क्या गांधी ने यह संदेश निजी हैसियत से ‘पोस्ट’ किया या विपक्ष के नेता के रूप में इसे साझा किया। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (गांधी ने) अपने पारिवारिक अपराधों को संरक्षण देने के लिए अपने संवैधानिक पद का दुरुपयोग किया है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के ‘‘प्रथम परिवार’’ को सत्ता और धन चाहिए, भले ही इसका मतलब क्षेत्र या के नाम पर समाज को बांटना ही क्यों न हो।



