देश
Trending

राजनाथ सिंह बोले- कांग्रेस ने मुझे भी 16 महीने जेल में डाला था

आगरा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में कागारौल ग्रामीण क्षेत्र में रविवार को जनसभा में कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज ही के दिन कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाते हुए लोकतंत्र की हत्या की थी, यह काला अध्याय सदैव याद रखा जाएगा।

केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर भाजपा महा जनसंपर्क अभियान चला रही है। इस अभियान को और गति देने के लिए रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह यहां आए। उन्होंने अपनी पहली जनसभा फतेहपुरसीकरी लोकसभा क्षेत्र के कागारौल में करते हुए कहा कि आज 25 जून का दिन है। इसी दिन 1975 में आपातकाल लगाया गया था और लोकतंत्र का गला घोंट दिया गया था। मैंने भी 16 महीने जेल में बिताए थे।

सिंह ने कहा कि कांग्रेस पटना में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हटाने के लिए बैठक कर रही है। कहती है देश में लोकतंत्र नहीं तो हिमाचल, राजस्थान, कर्नाटक में उनकी सरकार कैसे बनी। प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है। देश को आर्थिक रूप से भी सशक्त बनाया है। वर्ष 2014 में अर्थव्यवस्था में 11वें स्थान पर रहा देश आज पांचवें स्थान पर आ चुका है।

रक्षामंत्री ने कहा कि देश की सीमाएं सुरक्षित है। पाकिस्तान ने उरी में कायराना हरकत की थी तो हमने सीमा के अंदर घुस के आतंकवाद का सफाया किया। गांव, गरीब, किसान के लिए काम हो रहा है मुफ्त राशन मिल रहा है कुछ लोग तो बेच भी ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुरुस्त बनाया है। किसी भी राज्य के विकास के लिए यह सबसे जरूरी है।
रक्षा मंत्री आज ही शाम को आगरा लोकसभा क्षेत्र में दूसरी जनसभा भी करने जा रहे हैं। यह जनसभा जीआईसी मैदान पर होनी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button