crime

रतिया में फंदे पर लटकी मिली विवाहिता, छह महीने पहले हुई थी शादी

फतेहाबाद। जिले के शहर रतिया में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकने से मौत होने का समाचार है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में लुधियाना से आए मृतका के मायके वालों ने दहेज के लिए उनकी बेटी का हत्या का आरोप लगाया है। फोरेंसिंक लैब की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर जहां उससे पूछताछ शुरू कर दी है वहीं बाकी परिजन फरार बताए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार लुधियाना निवासी 27 वर्षीय शीनम उर्फ सिमरन की शादी 14 अगस्त 2022 को रतिया के वार्ड 16 निवासी नितिन मोदी के साथ हुई थी। आज संगरूर से रतिया पहुंची शीनम की बहन मनीषा गोयल व जीजा अमित गोयल ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे उनके पास शीनम के ससुराल से फोन आया और उन्हें बताया गया कि शीनम ने फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया है और वह फंदे पर लटकी हुई है। इतना कहकर उन्होंने फोन काट दिया। इसके बाद वे रतिया पहुंचे तो घर पर ताला लगा हुआ था और ससुरालजन फरार थे। इसके बाद वे रतिया थाने पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। मनीषा ने बताया कि 6 माह पहले ही शीनम की शादी हुई थी लेकिन शादी के बाद से ही दहेज कम देने की बात कहकर उसकी बहन को प्रताडि़त किया जा रहा था।

मनीषा ने बताया कि शीनम को परिजनों से बात नहीं करने दी जाती थी तो वह अपनी व्यथा अपनी डायरी में लिखती थी और उन्हें इस बारे में बताया था कि जब भी वह परेशान होती है तो परेशानी और खीझ को डायरी में लिख देती है, लेकिन वह भी उसकी सास ने फाड़ डाली। मृतका की बुआ ने बताया कि उनकी बेटी को ससुरालजन लगातार टॉर्चर कर रहे थे। 2 माह पहले इस मामले को लेकर पंचायत भी हुई लेकिन इसी बीच शीनम की माता का देहांत हो गया तो शीनम को ससुराल भेज दिया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button