‘यूपी के दो लड़कों की ताकत के साथ बढ़ी अपराधियों की हिम्मत’, कन्नौज मामले पर सपा पर बरसे भाजपा नेता
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने अयोध्या और कन्नौज में नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार के मामले को लेकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने अयोध्या और कन्नौज में नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार के मामले को लेकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, “एक समय सपा के बड़े नेता ने कहा था कि लड़कों से गलती हो जाती है। लेकिन आज दो लड़कों के साथ के लोग गलती नहीं अपराध कर रहे हैं और जिस अनुपात में इन दोनों की ताकत (लोकसभा चुनाव में) बढ़ी है, अपराधियों की हिम्मत और हिमाकत भी उसी अनुपात में बढ़ती नजर आ रही है।”

त्रिवेदी ने सपा नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयानों की तीखी आलोचना करते हुए कहा, “अपराध एक तरफ है, लेकिन अपराध के प्रति संवेदनहीनता उससे बड़ा गंभीर विषय है। आरोपी के अखिलेश यादव और डिंपल यादव के करीबी होने की बात भी सामने आ रही है। सपा की एक नेता ने ये स्वीकार किया है कि कन्नौज का आरोपी उनकी पार्टी का पूर्व नेता है। लेकिन इसके साथ ही बहुत ही संवेदनहीन और अशोभनीय बयान भी दिया कि 15 साल की वह लड़की कौन सी नौकरी प्राप्त करने के लिए रात को गई थी। ये सपा की असली फितरत और इस प्रकार के अपराधियों को कवर फायर देने की सीमा को दर्शाता है।”




