
भागलपुर। बिहार में भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने शनिवार को एक युवक का पेड़ से लटका शव बरामद किया।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर अंगारी गांव के निकट आम के बगीचे से एक युवक का पेड़ से लटका शव बरामद किया गया है। मृतक युवक की पहचान अंगारी गांव निवासी राजेंद्र मंडल के पुत्र संतोष कुमार (20) के रूप में की गयी है।वह दिल्ली में काम करता था। चार दिन पहले वह दिल्ली से घर आने के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा।
सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।




