देश

मेरठ: सरधना पुलिस और स्वाट टीम ने किया ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का भंडाफोड़, दस शातिर गिरफ्तार

मेरठ। थाना सरधना पुलिस और स्वाट टीम देहात ने एक संयुक्त और योजनाबद्ध ऑपरेशन के दौरान बिजली के ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले एक संगठित अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छुर-कालंद रजवाहे के पास से घेराबंदी करते हुए गिरोह के दस सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी देहात अभिजीत सिंह ने इस बड़ी कामयाबी का विवरण साझा किया।

रात के अंधेरे में खेतों को बनाते थे निशाना एसपी देहात ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जान मोहम्मद, इरशाद, शहजाद, फुरकान, नौशाद, निसार, वाहिद, इमरान, यामिन और अकरम के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान गिरोह के सदस्यों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे रात के समय सुनसान खेतों में लगे बिजली के ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाते थे। आरोपी ट्रांसफार्मर को खंभे से नीचे गिराकर उसमें लगा कीमती तांबा, कॉइल और तेल निकालकर चोरी कर लेते थे। पकड़े गए शातिर एक ही रात में चार से पांच ट्रांसफार्मर तक काट देते थे।

भारी मात्रा में सामान और उपकरण बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पांच ट्रांसफार्मर कॉइल बरामद किए हैं। इसके साथ ही चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार जैसे छेनी, हथौड़ी, कटर, आरी ब्लेड, रस्सा और पाने भी जब्त किए गए हैं। गिरोह के सदस्य इन औजारों की मदद से भारी-भरकम ट्रांसफार्मरों को बड़ी आसानी से खोल देते थे। मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है जिसका उपयोग रेकी और आवाजाही के लिए किया जाता था।

कबाड़ियों को बेचते थे चोरी का माल आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चोरी का सामान तुरंत ले जाने के बजाय पास के गन्ने के खेतों में छिपा देते थे ताकि पकड़े जाने का डर न रहे। स्थिति सामान्य होने पर वे इस कीमती सामान और तांबे को विभिन्न कबाड़ियों को ऊंचे दामों पर बेच देते थे और मिलने वाली रकम को आपस में बराबर बांट लेते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों की तलाश में जुट गई है। इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button