crime

मेरठः जानी के पेपला में युवक-युवती की गोली लगने से संदिग्ध मौत

मेरठ।जानीखर्द क्षेत्र के गांव पीपला में युवक-युवती की गोली लगने से संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पहुंचा था। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े तो युवती भी लहूलुहान अवस्था में पड़ी हुई मिली। पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
घटनाक्रम के अनुसार, भोला रोड स्थित पीपला दरेश गांव निवासी देवेंद्र के पुत्र शुभम (20) का गांव की ही युवती साक्षी (20) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार दोपहर शुभम प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पहुंच गया। उस समय घर पर कोई नहीं था। युवती की मां मोहल्ले में ही किसी के घर गई हुई थी। इसी बीच ग्रामीणों ने गोली की आवाज सुनी तो वे साक्षी के घर की ओर दौड़े। ग्रामीण अंदर पहुंचे तो घटनास्थल देखकर हड़कंप मच गया। शुभम की कनपटी पर गोली लगी थी और उसकी मौत हो गई थी। साक्षी भी घायल अवस्था में लहूलुहान पड़ी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल के पास से 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस ने घायल युवती को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने युवक व युवती के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
युवक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है, शुभम को लड़की का भाई बुलाकर ले गया था। वह अपने घर ले गया और शुभम की गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद तमंचा मौके पर फेंक दिया, ताकि घटनाक्रम को उलझाया जा सके। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंचें एसएसपी व एसपी देहात
प्रेमिका-प्रेमी की हत्या की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी रोहित कुमार साजवाण, एसपी देहात अनिरूद्ध सिंह, सीओ सरधना ब्रजेश सिंह, थानाध्यक्ष राजेश काम्बोज मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button