मुज़फ्फरनगर विकास प्राधिकरण में रिश्वत व दुर्व्यवहार के आरोप, भाजपा युवा नेता विपुल त्यागी धरने पर बैठे

मुजफ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) में कथित रिश्वतखोरी और दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर भाजपा के युवा नेता विपुल त्यागी (बहेड़ी) ने प्राधिकरण कार्यालय परिसर में धरना शुरू कर दिया। अपनी ही सरकार में भ्रष्टाचार के खिलाफ धरने पर बैठने से राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया और मामला चर्चा का विषय बन गया।
विपुल त्यागी ने आरोप लगाया कि विकास प्राधिकरण में आम जनता के कार्य बिना “सुविधा शुल्क” के नहीं हो रहे हैं तथा फरियादियों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।
धरने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल तेज हो गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और शिकायतों की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि विपुल त्यागी पहले भी आईपीएल शुगर मिल रोहाना तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के खिलाफ आवाज उठाने को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। ऐसे में उनका यह कदम एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में आ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, प्राधिकरण की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल धरना जारी है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




