मुजफ्फरनगर: सेवानिवृत्त इंजीनियरों ने पुरानी पेंशन बहाली और मांगों को लेकर प्रदर्शन किया

मुजफ्फरनगर। सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर कल्याण संघ ने गुरुवार को अपनी लंबित मांगों और पेंशन विसंगतियों को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार को कड़ा संदेश दिया। संघ ने पुरानी पेंशन बहाली, आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स को शामिल करने सहित पांच प्रमुख मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

संघ के अध्यक्ष पीके गुप्ता की अध्यक्षता और जिला सचिव संजय कुमार मित्तल के संयोजन में कलेक्ट्रेट पहुंचे सेवानिवृत्त इंजीनियरों ने अपनी मांगों को जोरदार ढंग से प्रस्तुत किया। ज्ञापन में पांच सूत्रीय एजेंडा रखा गया है। इसमें मांग की गई है कि आठवें वेतन आयोग के विचारार्थ विषयों में पेंशनर्स को भी प्रमुखता से शामिल किया जाए। साथ ही राशिकरण (कम्यूटेशन) की कटौती अवधि को घटाकर पुनः 10 वर्ष 11 माह किया जाए और नोशनल इंक्रीमेंट के एरियर का तत्काल भुगतान किया जाए।

संगठन ने यह भी मांग की कि कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलने वाली चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिलों से आयकर की कटौती बंद की जाए, क्योंकि यह स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाला खर्च है, न कि आय। इसके अलावा, पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की भी जोरदार मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार लगातार पेंशनर्स की अनदेखी कर रही है। ज्ञापन सौंपने से पहले डीपी जैन, बीआर शर्मा, यूसी वर्मा, बीके गुप्ता, बीबी गुप्ता, केके शर्मा, बीएम अग्रवाल और प्रेमचंद ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि जीवनभर सरकारी सेवा करने के बाद बुढ़ापे में पेंशन ही एकमात्र सहारा होती है, लेकिन सरकार की नीतियों के कारण पेंशनर्स को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वाले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त इंजीनियर मौजूद रहे।



