मुजफ्फरनगर: युवक पर सरेराह फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की दुस्साहस भरी करतूत

मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढाना कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों का आतंक देखने को मिला है। सोमवार को मदवाड़ा रोड पर बाइक सवार दो हमलावरों ने एक युवक को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पीड़ित ने भागकर एक घर में छिपकर अपनी जान बचाई। यह पूरी सनसनीखेज वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के अनुसार, दानिश नाम का युवक बाजार से दवाई लेकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह स्कूल के पास पहुंचा, बाइक सवार आमिर और समद ने उसकी बाइक में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने तमंचा निकालकर दानिश पर फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए दानिश शोर मचाते हुए एक मकान की ओर भागा, जिसके पीछे हमलावर हथियार लहराते हुए दौड़ पड़े। पीड़ित के घर में घुस जाने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित दानिश ने बताया कि हमलावरों से उसका पुराना विवाद चल रहा है। पूर्व में भी इन लोगों ने उसके घर पर हमला किया था, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसी रंजिश के चलते और पहले से दर्ज मुकदमे में दबाव बनाने के लिए आमिर और समद ने उस पर जानलेवा हमला किया है। दानिश का आरोप है कि हमलावर क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते हैं।
एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान आमिर और समद के रूप में हो गई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसएसपी ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



