मुजफ्फरनगर में वैलेंटाइन डे को लेकर शिवसेना और क्रांति सेना की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में इस बार वैलेंटाइन डे (14 फरवरी) के मद्देनजर प्रेमी जोड़ों के लिए सतर्कता की हिदायत जारी की गई है। शिवसेना और क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नगर के सभी होटल और रेस्टोरेंटों में जाकर नोटिस वितरण किया और चेतावनी दी कि यदि वैलेंटाइन डे पर कोई संदिग्ध कपल या नाबालिक जोड़ा किसी भी संदिग्ध स्थिति में पाया गया, तो उसके लिए जिम्मेदार होटल और रेस्टोरेंट मालिक होंगे।

टीम ने इस दौरान होटल और रेस्टोरेंट की भी चेकिंग की। जांच के दौरान एक होटल में कमरों में आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी सूचना मिली, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने हंगामा और नारेबाजी की, तथा पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।

क्रांति सेना के महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी ने वैलेंटाइन डे मनाने वाले प्रेमी जोड़ों को सीधे चेतावनी दी। उनका कहना था कि नाबालिक या संदिग्ध स्थिति में पाए जाने वाले जोड़े को उनकी टीम लठ्ठ से सबक सिखाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि अपने बच्चों को घर पर रखें और उन्हें किसी ऐसी जगह पर न भेजें जहां वैलेंटाइन डे मनाया जा रहा हो।
पूनम चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को टीम ने सिर्फ लेटर वितरित किया और किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि वैलेंटाइन डे मनाना संस्कृति के लिए हानिकारक है और बच्चों को प्रभावित करता है। उन्होंने प्रशासन से सहयोग की अपील की और बताया कि पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर टीम का समर्थन किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को हाथ में लेना उनका उद्देश्य नहीं है, बल्कि बच्चों और संस्कृति की सुरक्षा के लिए चेतावनी दी जा रही है। प्रशासन और होटल मालिकों ने इस अभियान में सहयोग किया।



