मुजफ्फरनगर में भ्रष्टाचार के आरोपों पर भाजपा की बैठक में हंगामा
भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने पार्टी कार्यालय पर पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी। पार्टी के 18 पदाधिकारी बैठक में मौजूद थे। इस बीच विजय शुक्ला ने मामला उठाया कि कुछ लोग रुड़की रोड के पार्टी कार्यालय को लेकर अलग-अलग चर्चाएं कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि हमारा इस पूरे प्रकरण में कोई भूमिका नहीं है।

मुजफ्फरनगर। गांधीनगर स्थित भाजपा कार्यालय पर पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। पार्टी के दो पदाधिकारियों में हाथापाई की स्थिति पैदा हो गई। पुराने कार्यालय को बेचने में भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच मामला बढ़ा।

आरोप है कि इस बीच जिला महामंत्री रोहिल वाल्मीकि ने संघ के एक पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष की भूमिका पर सवाल उठा दिया। इस बात को लेकर जिला मंत्री वैभव त्यागी और रोहिल में तू-तू, मै-मै हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनो में हाथापाई की स्थिति पैदा हो गई। अन्य पदाधिकारियों ने बीच में आकर मामले को शांत किया।

वैभव त्यागी का कहना है कि संघ के एक पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष पर निराधार आरोप लगाया गया, जिसका उन्होंने विरोध किया। वहीं रोहिल वाल्मीकि का कहना है कि बैठक में बहस हुई है, लेकिन किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।

