मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़, बाइक लुटेरा घायल; तीन साथी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक कुख्यात लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने बाद में उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में लूटी गई मोटरसाइकिल, एक अन्य बाइक और अवैध हथियार बरामद किए गए।

थाना प्रभारी जयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रण्डावली से चंदन फार्म जाने वाले मार्ग पर वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रण्डावली की ओर से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन मोटरसाइकिल सवार बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें कार्तिक पुत्र संजय, निवासी ग्राम कैल्लनपुर, थाना पुरकाजी, के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। उसे तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कार्तिक कुछ दिन पहले क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल लूट की घटना में शामिल था।
मुठभेड़ के बाद इलाके में सघन कांबिंग अभियान चलाकर कार्तिक के तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से एक लूटी गई मोटरसाइकिल, एक अन्य बाइक, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य आपराधिक घटनाओं का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयवीर सिंह के साथ दरोगा नवीन कुमार, दरोगा विक्रम वीरेंद्र सिंह, दरोगा मोहित नंदन, दरोगा पोरुष सिरोही, सिपाही राहुल कुमार, सचिन कुंतल, जितेंद्र और पवन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर दबाव बढ़ा है।



