
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में बीती देर रात गंगनहर की पटरी पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक पर सवार बाप-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
यह हादसा देर रात खतौली थाना क्षेत्र में गंगनहर की पटरी पर उस समय हुआ जब एक परिवार के तीन सदस्य बाइक पर सवार होकर सठेडी से सलावा की ओर लौट रहे थे। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों से पुलिस की हल्की नोकेझोंक भी हुई। जिन्हें बाद में पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कर दिया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जबकि घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार देर शाम मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के गांव सलावा निवासी अल्ला राजी, उसकी पत्नी तासमीन और बेटा रिहान एक ही बाइक पर सवार होकर गंगनहर पटरी से होते हुए सठेडी से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। गंगनहर पटरी पर गांव दूधली के समीप अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे गंभीर घायल होने के कारण लगभग 42 वर्षीय अल्ला राजी और उसके 20 वर्षीय बेटा रिहान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अल्ला राजी की पत्नी तासमीन घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार अल्ला राजी अपने बेटे और पत्नी के साथ बाइक पर रतनपुरी के गांव सठेडी में रहने वाले रिश्तेदार से मिलने आए थे। देर शाम वह नहर पटरी के रास्ते घर लौट रहे थे। गांव दूधली के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वाहन को लेकर चालक फरार हो गया। राहगीरों ने हादसे का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी। घायल महिला ने राहगीरों की मदद से अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पीड़ित परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।


