मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर में दहेज उत्पीड़न से तंग महिला ने SSP ऑफिस परिसर में आत्मदाह की कोशिश, पुलिस ने बचाकर दर्ज किया मुकदमा

मुजफ्फरनगर। घरेलू हिंसा और दहेज की मांग से लगातार प्रताड़ित भोपा थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने आज गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में सनसनी फैला दी। महिला ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को जलाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचा लिया और शांत कराया।

पति पर मारपीट और जेवर बेचने का आरोप

 

आत्मदाह का प्रयास करने वाली महिला की पहचान सोनी उर्फ ईरम (करीब 28 वर्ष) पत्नी आजाद उर्फ सब्बू, निवासी करहेड़ी के रूप में हुई है। महिला ने लिखित शिकायत में बताया कि उसका पति आजाद उर्फ सब्बू शराबी है और आए दिन दहेज के लिए मारपीट करता है।

ईरम ने आरोप लगाया कि उसके पति ने अवैध हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके 10 तोले सोने के जेवर भी बेच दिए। ससुराल वाले भी पति का ही साथ देते हैं।

भाई की शादी के बाद बढ़ा दबाव

 

महिला के अनुसार, 19 नवंबर 2025 की सुबह पति ने मायके से पैसे लाने के लिए दबाव डाला। जब उसने भाई की हाल ही में हुई शादी का हवाला देते हुए कुछ समय मांगा, तो पति ने उसे बुरी तरह पीटा और जान से मारने की कोशिश की। इसी प्रताड़ना से डरकर वह घर से भागकर न्याय की गुहार लगाने SSP दफ्तर पहुँची और यह कदम उठाया।

पुलिस ने तुरंत दर्ज किया मामला

 

SSP ऑफिस परिसर में हुई इस गंभीर घटना के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। अधिकारियों ने महिला को समझा-बुझाकर सुरक्षित किया और उसकी तहरीर पर थाना भोपा में पति आजाद उर्फ सब्बू व ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ तत्काल उचित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित महिला ने अपनी और अपने भाई की जान को खतरा बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button