मुजफ्फरनगर में ग्राम मलीरा के जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

मुजफ्फरनगर। ग्राम मलीरा के जंगल में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। आज सुबह थाना कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जांच में मृतक की पहचान संदीप पुत्र भंवर सिंह, निवासी ग्राम मलीरा, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। प्रतीत होता है कि अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने हत्या कर शव को जंगल में फेंका।

थाना कोतवाली नगर में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सहायक पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस साक्ष्य संकलन, संदिग्धों से पूछताछ और आसपास के क्षेत्रों की जांच कर रही है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि घटना की जांच जारी है और शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।



