मुजफ्फरनगर में गंभीर बीमारियों के शिकार गरीब बच्चों का इलाज कराएगी ये संस्था
अब गरीब बच्चों की मदद के लिए संस्था रोटरी क्लब मंडल-3100 आगे आया है। एक से 18 साल के ऐसे गरीब बच्चे, जिनके हृदय में छेद है अथवा दिल की अन्य गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, उनका आपरेशन आदि का खर्च क्लब वहन करेगा

मुजफ्फरनगर। अब गरीब बच्चों की मदद के लिए संस्था रोटरी क्लब मंडल-3100 आगे आया है। एक से 18 साल के ऐसे गरीब बच्चे, जिनके हृदय में छेद है अथवा दिल की अन्य गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, उनका आपरेशन आदि का खर्च क्लब वहन करेगा। ऐसे बच्चों का नोएडा में निश्शुल्क इलाज कराया जाएगा। बीमार के साथ तीमारदार का भी खर्च क्लब ही वहन करेगा। रोटरी क्लब के चीफ असिस्टेंट गवर्नर सुनील अग्रवाल ने बताया कि सरकार की योजना राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एक से 18 साल के ऐसे बच्चों का निश्शुल्क इलाज रोटरी कल्ब कराएगा जिनके हृदय में छेद है या दिल की अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं।

रोटरी क्लब मंडल-3100 ने पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट आफ चाइल्ड हेल्थ सेक्टर 30, नोएडा के साथ एक एग्रीमेंट किया है जो बच्चों को इलाज के लिए स्वीकृत कर सकेंगे। इस कार्यक्रम में बच्चे विशेष कारणों से इलाज के लिए भेजे जा सकते हैं। किसी भी मरीज़ को भेजने से पूर्व पीएचसी, सीएचसी अथवा किसी प्राइवेट चिकित्सक से प्राइमरी डायग्नोसिस का पर्चा लेकर बच्चे के तीमारदार रोटरी क्लब के पदाधिकारियों से मिल सकते हैं, वह उनको नोएडा के डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर बी-14 ए, द्वितीय तल, सेक्टर-62 नोएडा के लिए रेफर कराएंगे, जहां बच्चे का निश्शुल्क इलाज होगा। साथ में रहने वाले तीमारदार का भी कोई खर्च नहीं होगा। सबसे पहले मरीज को काउंटर पर लाकर उसका प्राथमिक रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

रजिस्ट्रेशन खर्च सौ रुपये आएगा जो क्लब या रोटेरियन वहन करेंगे। उन्होंने बताया कि यदि यदि मरीज के सभी कागज सही हैं और मरीज सरकारी योजनाओं का पात्र है तो मरीज से अस्पताल में कोई भी खर्चा नहीं लिया जाएगा। मरीज के साथ एक तीमारदार के रहने व खाने की व्यवस्था भी दी जाएगी। मरीज को सिर्फ अस्पताल तक आने व जाने का खर्च स्वयं वहन करना होगा। इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क रोटरी क्लब से नियुक्त नोडल अधिकारी डा. नितिन जैन मोबाइल-9219696720 की पुष्टि के बाद अस्पताल के मेडिकल सोशल वर्कर पंकज कुमार सिंह मोबाइल-7065058133 तथा केके सिंह मोबाइल-9818184988 पर भी संपर्क कर सकते हैं। मरीज के पास यह हों दस्तावेज – आधार कार्ड अथवा राशन कार्ड। -आयुष्मान कार्ड अथवा बीपीएल कार्ड। – चिकित्सक की रेफर स्लिप

