मुजफ्फरनगर पुलिस ने ‘मिशन शक्ति-5.0’ के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया

मुजफ्फरनगर। महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण का वातावरण सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति-5.0 के अंतर्गत जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कस्बों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थानों के आसपास विशेष अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और महिला केंद्रित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पंपलेट वितरित कर निम्नलिखित महत्वपूर्ण सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया – डायल 112 आपातकालीन सहायता, महिला हेल्पलाइन 181, वुमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सीएम हेल्पलाइन 1076, वन स्टॉप सेंटर 181, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108 और जनसुनवाई पोर्टल एवं स्थानीय थाने पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र।
इसके अलावा निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना जैसी महिला कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति-5.0 का उद्देश्य केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। जनपद पुलिस द्वारा यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि प्रत्येक महिला और बालिका स्वयं को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सके।



