मुजफ्फरनगर: गैस किल्लत और महंगाई के खिलाफ ‘आप’ का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर। आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को देश में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की भारी किल्लत के विरोध में जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को जनविरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की और महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
गैस की कीमतों में वृद्धि ने तोड़ी आम आदमी की कमर प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष अरविन्द बालियान ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर में ₹120 की हालिया बढ़ोतरी ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण जनता एक बार फिर गैस के लिए लंबी लाइनों में लगने को मजबूर है।

होटल और रेस्तरां कारोबार पर गहराया संकट पार्टी के जिला महासचिव अजय चौधरी ने कहा कि गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के कारण होटल, ढाबा और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। गुजरात के मोरबी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि सैकड़ों उद्योग बंद होने की कगार पर हैं, जिससे बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है।

रूस से सस्ता तेल न खरीदने पर उठाए सवाल प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में आकर रूस से सस्ता तेल खरीदना कम कर दिया गया है। पार्टी का दावा है कि इससे देश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका सीधा बोझ जनता पर महंगाई के रूप में पड़ रहा है।
AAP की प्रमुख मांगें:
-
घरेलू एलपीजी गैस के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए।
-
पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू हो।
-
गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।
-
महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे।
जन आंदोलन की चेतावनी पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई और गैस संकट पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी देशव्यापी जन आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन में मुख्य रूप से वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कुलदीप तोमर, अनुराग अहलावत, संजीव मान, मनोज कुमार, शिवा सिंघल, अजय चौधरी, सुशील अहलावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



