मुजफ्फरनगरः बुढ़ाना में पुलिस व चाइल्ड हेल्पलाइन ने नाबालिग दुल्हन को बचाया

मुजफ्फरनगर। बुढाना क्षेत्र में बाल विवाह का मामला सामने आया। बुधवार को सूचना मिलने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन और स्थानीय पुलिस की टीम ने मिलकर कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की का विवाह रुकवाया। बुढ़ाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की का विवाह की चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना मिली तो टीम तत्काल बुढ़ाना थाना पहुंची। पुलिस बल को साथ लेकर टीम ने विवाह समारोह को रुकवा दिया और सभी पक्ष के लोगो से पूछताछ की। लड़की की उम्र के सत्यापन के बाद यह स्पष्ट हुआ कि वह नाबालिग है। चाइल्ड हेल्पलाइन के सदस्यों ने लड़की और उसके माता-पिता को बाल विवाह के कानूनी परिणामों के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि बाल विवाह न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह लड़की के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए भी हानिकारक है। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने लड़की को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। प्रभारी चाइल्ड हेल्पलाइन सचिन कुमार ने बताया कि लड़की को काउंसलिंग प्रदान की गई है और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। गुरुवार को उसके स्वजन को बाल कल्याण समिति पर बुलाया गया है। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि नाबालिग की शादी कराने का मामला मिलने पर विवाह रुकवाया गया है। बाल कल्याण समिति की ओर से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।




