मध्य प्रदेश में 16 फरवरी के बाद बदलेगा मौसम, छाएंगे बादल, अभी दिन में गर्मी तो रात में ठंड बरकरार

भोपाल। मध्य प्रदेश में 16 फरवरी के बाद मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के प्रभाव से प्रदेश में बादल छाने की संभावना है। इसके साथ ही हल्की सर्दी देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण कुछ जिलों में हल्के बादल छाए हुए हैं। 16 फरवरी से एक नया सिस्टम पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से प्रदेश में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। सिस्टम के गुजरने और बर्फ पिघलने के बाद मौसम में फिर बदलाव संभव है। प्रदेश में हल्की सर्दी का एक और दौर देखने को मिल सकता है।

राजधानी भोपाल और इंदौर सहित कई शहरों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जबकि पचमढ़ी, खजुराहो और कटनी में रातें अब भी ठंडी बनी हुई हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फरवरी में दिन गर्म और रातें ठंडी रहने का यही ट्रेंड जारी रहेगा। तेज सर्दी या घने कोहरे की संभावना नहीं है। बीते शुक्रवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, बैतूल, धार, गुना, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, रतलाम, दमोह, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सागर और सिवनी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। खंडवा में सबसे अधिक 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
रात में इन शहरों में रही ज्यादा ठंड
अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। शुक्रवार-शनिवार की रात कटनी के करौंदी में सबसे कम 8.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 9.2 डिग्री, खजुराहो में 10.4 डिग्री, राजगढ़ में 10.6 डिग्री, मंदसौर में 10.7 डिग्री, नौगांव और रीवा में 10.8 डिग्री तथा उमरिया में 10.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पांच बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य शहरों में इससे अधिक तापमान रहा।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 15 फरवरी को कुछ जिलों में हल्का कोहरा रह सकता है। बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। दिन में बादल छा सकते हैं। इसी तरह 16 फरवरी को भी कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा रहेगा, दिन में बादल छाए रहेंगे।



