देश

मध्‍य प्रदेश में ठंड और कोहरे का कहर जारी, जनवरी में 15-20 दिन शीतलहर का अलर्ट

भोपाल । मध्य प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। तापमान में गिरावट के चलते आमजन ठिठुरन महसूस कर रहे हैं और शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। शुक्रवार को प्रदेश के आधे हिस्से में कहीं घना तो कहीं मध्यम कोहरा छाया रहा। 15 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। शनिवार सुबह भी उत्तरी जिलों में कोहरे का असर बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके बाद सर्दी और तेज होगी। इस बार दिसंबर में भोपाल और इंदौर समेत कई जिलों में 15 से 16 दिन तक शीतलहर चली। यही स्थिति जनवरी में भी बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मध्य प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ेगा। सुबह के समय घने कोहरे के साथ-साथ कोल्ड वेव, कोल्ड डे और कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहेगा। शुक्रवार को जेट स्ट्रीम की रफ्तार 213 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई, जिससे दिन के समय ठंडी हवाएं चलती रहीं।

बारिश के भी संकेत

साल के पहले दिन ग्वालियर में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं, भोपाल और इंदौर में भी बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि जनवरी में 15 से 20 दिन तक शीतलहर चल सकती है। कड़ाके की ठंड का दौर जनवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू होकर महीने के अंत तक बना रह सकता है।

कोहरे से रेल यातायात प्रभावित

गुरुवार-शुक्रवार की रात पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। कोहरे के कारण भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर की ओर जाने वाली कई ट्रेनें दो घंटे तक लेट रहीं। दिल्ली से आने वाली मालवा, शताब्दी, सचखंड समेत अन्य ट्रेनों पर भी कोहरे का असर पड़ा। खजुराहो में दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई। भोपाल, दतिया, ग्वालियर, रतलाम, दमोह, रीवा, सागर, सतना, गुना, इंदौर, रायसेन, राजगढ़, उज्जैन, मलाजखंड, श्योपुर, नर्मदापुरम, सिवनी, नौगांव और मंडला में भी विजिबिलिटी बेहद कम रही।

रात का तापमान कुछ बढ़ा

हालांकि, रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहा। केवल पचमढ़ी, शिवपुरी, टीकमगढ़, राजगढ़, रीवा और नौगांव में ही तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया।

दिन में भी रात जैसी ठंड

इस सर्दी के मौसम में पहली बार ऐसा देखने को मिला जब दिन का तापमान भी रात जैसा ठंडा रहा। शुक्रवार को दतिया में अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री, गुना और नौगांव में 17 डिग्री, ग्वालियर में 17.4 डिग्री, टीकमगढ़ में 18 डिग्री, खजुराहो में 18.2 डिग्री और श्योपुर में 19.4 डिग्री, पचमढ़ी में 20.2 डिग्री, रतलाम में 21.1 डिग्री, रीवा में 21.8 डिग्री, सतना में 22.4 डिग्री, उज्जैन में 22.5 डिग्री, दमोह में 23 डिग्री, भोपाल-सीधी में 23.6 डिग्री दर्ज किया गया। कई शहरों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही।

आगे कैसा रहेगा मौसम

4 जनवरी को ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल और उमरिया में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 5 जनवरी को ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग में कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button