राज्य
Trending
मणिपुर हिंसा व महिलाओं से दरिन्दगी के विरोध में निकाला कैंडल मार्च
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोपितों के खिलाफ की कडी कार्रवाई की मांग मणिपुर के मुख्यमंत्री का मांगा इस्तीफा, राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग

शामली। मणिपुर में जारी हिंसा में अब तक सैंकडों लोगों की मौत, महिलाओं के साथ हुई दरिन्दगी व बलात्कार की घटना से कांग्रेसियों में आक्रोश बना हुआ है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना को लेकर सुभाष चौंक से अग्रसेन पार्क तक कैंडल मार्च निकाला तथा प्रधानमंत्री से मणिपुर की बेटियों को न्याय दिलाने व आरोपितों के खिलाफ कडी से कडी कार्रवाई किए जाने की मांग के साथ-साथ मणिपुर के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की भी मांग की। उन्होंने कहा कि मणिपुर की घटना ने पूरे देश को शर्मसार किया है।

जानकारी के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष दीपक सैनी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मणिपुर में जारी हिंसा में सैंकडों लोगों की मौत, महिलाओं के साथ दरिन्दगी व बलात्कार की घटनाओं पर आक्रोश जताते हुए शहर के सुभाष चौंक से लेकर अग्रेसन पार्क तक कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध जताया तथा प्रधानमंत्री से मणिपुर की बेटियों को न्याय दिलाने व आरोपितों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ मणिपुर के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की भी मांग की। उन्होंने कहा कि मणिपुर की घटना ने पूरे देश के शर्मसार कर दिया है। उन्होंने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू करने की भी मांग की। कांग्रेस नेता रमेश मराठा ने कहा कि भाजपा ने बेटी बचाओ बेटी पढाओ का जो नारा दिया था वह पूरी तरह झूठा निकला है। देश की नारी शक्ति को अब आगे आना चाहिए। देश की महिलाएं जहां गोल्ड मैडल लाकर देश का सम्मान बढा रही है वहीं मणिपुर में बेटियों के साथ ऐसा घिनौना काम हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से जल्द से जल्द बेटियों को न्याय दिलाकर दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की मांग की जो एक मिसाल बने। इस मौके पर महिपाल शर्मा, अनुज गौतम, आदेश कश्यप, संदीप शर्मा, अरविन्द झंझोट, गयूर, रामपाल पांचाल, प्रमोद कश्यप, जाहिद यामीन, कादिर जंग, रामशरण नामदेव, राधेश्याम सैनी, वैभव मित्तल, सन्नी संगल, टोनी गिरी, सुरेन्द्र सैनी, गौरव जैन आदि भी मौजूद रहे। दूसरी ओर आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने भी राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई शर्मनाक घटना पर आक्रोश जताते हुए मणिपुर की सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। एआईएमईएम के पदाधिकारियों ने कहा कि मणिपुर में सैंकडों लोगों की भीड का जत्था सडक पर दो महिलाओं को नग्न अवस्था में खींचते हुए कहीं ले रहा है। इस घटना की वीडियो प्रकाश में आने से लोगों में आक्रोश है। मणिपुर के मुख्यमंत्री द्वारा इस घटना के संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने राष्ट्रपति से मणिपुर की सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने की मांग की है। इस मौके पर अकरम खान, शाहरुख खान, फैसल, शेरखान, नसीम, सलीम आदि भी मौजूद रहे।



