मंसूरपुर: सरशादी लाल डिस्टलरी पर श्रम विभाग की बड़ी कार्रवाई, कर्मचारियों के बकाया वेतन के लिए नीलामी की तैयारी शुरू

मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर स्थित सरशादी लाल डिस्टलरी में कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित वेतन भुगतान को लेकर श्रम विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की गठित कमेटी ने मौके पर पहुंचकर डिस्टलरी की संपत्तियों का निरीक्षण किया और नीलामी प्रक्रिया की तैयारी के तहत विस्तृत आकलन तैयार किया।

निरीक्षण के दौरान कमेटी ने फैक्ट्री परिसर, मशीनरी और अन्य परिसंपत्तियों का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने संपत्तियों की अनुमानित कीमत का आंकलन करते हुए यह तय करने की प्रक्रिया शुरू की कि कर्मचारियों का बकाया वेतन चुकाने के लिए किन संपत्तियों की नीलामी की जाएगी।

मौके पर पहुंचे एएलसी देवेश कुमार और तहसीलदार खतौली अरविंद कुमार ने बताया कि सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ इस कार्रवाई को आगे बढ़ा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राथमिकता कर्मचारियों को जल्द से जल्द उनका बकाया वेतन दिलाने की है।
अधिकारियों के अनुसार तैयार किए गए इस्टीमेट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र ही नीलामी कराई जाएगी, जिससे लंबे समय से वेतन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को राहत मिल सके।



