राजनीतिराज्य
Trending

मंत्रिमंडल में व्यापक फेरबदल, चार महिलाओं सहित 25 मंत्रियों ने ली शपथ

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने पद संभालने के करीब तीन वर्ष बाद पहली बार अपने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल की

विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने पद संभालने के करीब तीन वर्ष बाद पहली बार अपने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल करते हुए सोमवार को 25 नये मंत्रियों को शामिल किया, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं।
नये कैबिनेट मंत्रियों में से 14 नये चेहरे हैं जबकि 11 सदस्य पिछले मंत्रिमंडल में भी थे। मंत्रियों को विभागों का आवंटन शाम तक होने की संभावना है।
राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने विजयवाड़ा के पास अमरावती स्थित सचिवालय में आयोजित एक समारोह में नये मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।
रेड्डी ने 30 मई 2019 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पहली बार अपने मंत्रिमंडल में बदलाव किया है।
आज शपथ ग्रहण करने वाली महिला मंत्रियों में अभिनेत्री से राजनेता बनीं एवं राज्य में सबसे लोकप्रिय नेता आरके रोजा भी शामिल हैं। ऑडिमुलपु सुरेश, सुश्री के वी उषाश्री चरण और पेडिरेड्डी रामचंद्र रेड्डी ने अंग्रेजी में शपथ ली, जबकि बाकी मंत्रियों ने तेलुगु में शपथ ग्रहण की।
जिन नेताओं ने आज शपथ ली, उनमें सर्वश्री अंबाती रामबाबू, अमजथ बाशा शेख बेपारी, ऑडिमुलपु सुरेश, बोत्चा सत्यनारायण, बुडी मुत्याला नायडू, बुग्गना राजेंद्रनाथ, चेल्लुबोइना श्रीनिवास वेणुगोपालकृष्ण, दादीसेट्टी राजा, धर्मना प्रसाद राव, गुड़ीवाड़ा अमरनाथ, गुम्मनूर जयराम, जोगी रमेश, काकानी गोवर्धन रेड्डी, करुमुरी वेंकट नागेश्वर राव, कोट्टू सत्यनारायण और के नारायण स्वामी शामिल हैं।
उनके अलावा, सुश्री केवी उषाश्री चरण, सुश्री तनेती वनिता और सुश्री विदाडाला रजनी तथा सर्वश्री मेरुगु नागार्जुन, पेडिरेड्डी रामचंद्र रेड्डी, पिनिपे विश्वरूपु, राजन्ना डोरा पेडिका और सीदिरी अप्पलाराजू ने भी शपथ ली।
गौरतलब है कि रेड्डी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद कहा था कि वह अपने ढाई साल के कार्यकाल के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल करेंगे, हालांकि, कोविड-19 महामारी के कारण इसमें देरी हुई। राज्य में 2024 में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button