भुजियाघाट में साइबर ठग गिरोह पकड़ा, राजस्थान, यूपी व हरियाणा के चार युवक गिरफ्तार

नैनीताल, 16 नवंबर (हि.स.)। तल्लीताल थाना पुलिस ने नयी खुली भुजियाघाट चौकी के भेड़िया पखांण क्षेत्र में साइबर ठगी की कोशिश कर रहे हरियाणा के चार संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। मुखबिर की सूचना पर उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा व उनकी टीम ने वाहन संख्या एचआर98पी-1642 नैक्सॉन को भेडिया पखांण मोड़ पर रोककर उसमें सवार चार युवकों को पूछताछ हेतु पकड़ा। पकड़े गए युवक अलग-अलग राज्यों-राजस्थान, बुलंदशहर, गाजियाबाद और गुरुग्राम के निवासी पाए गए तथा कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सके।

पुलिस व संबंधितों से प्राप्त जानकारी के अनुसार तलाशी पर उनकी पहचान शुभम गुप्ता, पीयूष गोयल, ऋषभ कुमार और मोहित राठी के रूप में हुई और उनके कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, 3 पैन कार्ड, 2 चेक बुक, 9 डेबिट कार्ड, 1 क्रेडिट कार्ड, 1 आधार कार्ड और कई क्यूआर कोड बरामद हुए। वाहन की पिछली सीट से भी कई मोबाइल फोन और वित्तीय दस्तावेज मिले। युवक लोगों को ऑनलाइन गेमिंग, निवेश और मोटा कमीशन देने का लालच देकर बैंक खाते व सिम कार्ड हासिल करने की फिराक में थे।

पुलिस की साइबर सेल की प्रारंभिक जांच में पीयूष की ईमेल आईडी से एक्सिस बैंक खाते में लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन के मेल मिले हैं। पूछताछ में चारों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान छिपाकर ऑनलाइन ठगी करते हैं और स्थानीय लोगों को बहला-फुसलाकर उनके बैंक खाते लेने की कोशिश कर रहे थे। मामला प्रथम दृष्टया साइबर धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित पाए जाने पर थाना तल्लीताल में उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी) और 66(डी) के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। बरामद मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, चेकबुक और वाहन को कब्जे में लेकर मालखाने में जमा किया गया। विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर निरीक्षक प्रकाश चंद्र मेहरा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह की गतिविधियों और धन प्रवाह की जांच आगे जारी रहेगी।
3 प्रतिशत कमीशन व रुपये दोगुने करने के झांसे पर बैंक खाते मांग रहे थे
नैनीताल। इस घटना को पकड़ने में सहायक मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ लोग भुजियाघाट क्षेत्र में रुके हैं तथा रुपये का लालच देकर लोगो से बैंक खाता व सिमकार्ड मांग रहे है और बोल रहे हैं कि आप हमें अपने बैंक खाते दो। आपके खाते मे जितना पैसा आयेगा उसमे आपको हम 3 प्रतिशत कमीशन देंगे तथा तुम्हारे पैसे हम आनलाईन लगाएंगे व पैसा दोगुना करके देंगे।
आरोपितों की पहचान
नैनीताल। आरोपितों ने अपनी पहचान 29 वर्षीय शुभम गुप्ता पुत्र संजीव कुमार गुप्ता निवासी 1/271 कालाकुआं हाउसिंग बोर्ड अलवर थाना कोतवाली अलवर जिला अलवर राजस्थान, 23 वर्षीय पीयूष गोयल पुत्र संजय गोयल निवासी पुख्ता बाजार जहांगीराबाद थाना जहांगीराबाद जिला बुलंदशहर, 25 वर्षीय ऋषभ कुमार पुत्र दीपक कुमार निवासी गली नंबर 2 कृष्णापुरी मोदी नगर थाना मोदीनगर जिला गाजियाबाद और 25 वर्षीय मोहित राठी पुत्र स्व श्रीराम राठी निवासी 1530/1 न्यू रेलवे रोड महावीरपुरा गुङगांव थाना सेक्टर 5 जिला गुङगांव हरियाणा बतायी है।



