भीषण शीतलहर का कहर: यूपी में 12वीं तक के सभी स्कूल 1 जनवरी तक बंद, सीएम योगी के सख्त निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर के चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कदम उठाए हैं। प्रदेश में बढ़ती ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी बोर्डों आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड के कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि शीतलहर के दौरान बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं फील्ड में उतरकर हालात का जायजा लें और यह सुनिश्चित करें कि राहत और बचाव की व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से लागू हों। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने और जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराने की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि ठंड से किसी को परेशानी न हो।

रैन बसेरों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति कड़ाके की ठंड में खुले में सोने को मजबूर न हो। सभी रैन बसेरों में बिछौने, कंबल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत सामग्री और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतलहर से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे और मानवीय दृष्टिकोण के साथ हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाई जाए।



