Bihar

भयंकर एक्सीडेंट: ऑटो के उड़े परखच्चे… गंगा स्नान से लौट रहे आठ लोगों की दर्दनाक मौत, शव सड़क पर बिखरे

बिहार की राजधानी पटना में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के पास एक तेज रफ्तार टैंकर और टेम्पू की जबरदस्त टक्कर में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि टेम्पू के परखच्चे उड़ गए और शव सड़क पर बिखर गए।

गंगा स्नान से लौट रहे थे सभी यात्री
जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल सभी नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावा गांव के निवासी थे। वे गंगा नदी में भादो की अमावस्या के मौके पर स्नान करने गए थे और लौटते वक्त यह दर्दनाक हादसा हुआ। स्थानीय लोग घटना के बाद चीख-पुकार करते रहे और सड़क पर सन्नाटा छा गया।

तेज रफ्तार टैंकर ने लिया सब कुछ निगल
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि तेज रफ्तार से आ रहे टैंकर के ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे टेम्पू से टकराकर यह भीषण दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पू के परखच्चे उड़ गए और कई लोगों की मौके पर ही जान चली गई।

राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही शाहजहांपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल चारों यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

परिवारों में छाया मातम
जहां सुबह पूजा-अर्चना और गंगा स्नान के लिए उत्साह था, वहीं अब घरों में कोहराम मचा हुआ है। मृतकों में अधिकांश महिलाएं हैं, जिनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पटना के ग्रामीण एसपी विक्रम सिंह ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button