uttar pradesh

भगवान शिव की आपत्तिजनक तस्वीर की वायरल, आरोपी युवक चढ़ा पुलिस के हत्थे

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर भगवान शिव की आपत्तिजनक तस्वीर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने 28 साल के युवक को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी का नाम संदीप गौतम उर्फ रंजन है, जो बलिया जिले के पकड़ी क्षेत्र के मौली गांव का निवासी बताया जा रहा है.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी ने शुक्रवार को फेसबुक पर भगवान शिव की एक विवादित और आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट की थी. जैसे ही यह मामला स्थानीय लोगों और पुलिस के संज्ञान में आया, इलाके में तनाव फैलने की आशंका को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई.

सब-इंस्पेक्टर मुकेश यादव की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita) की धारा 353(2)  जनता में उपद्रव फैलाने वाले बयान  और सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम (Information Technology Amendment Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

आरोपी युवक गिरफ्तार

इस मामले को लेकर  SP ओमवीर सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाई और शुक्रवार देर शाम ही आरोपी संदीप गौतम को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक आस्था और भावना को आहत करने वाली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है ताकि इस तरह की घटनाओं पर तुरंत रोक लगाई जा सके.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने यह तस्वीर खुद बनाई थी या किसी अन्य स्रोत से लेकर पोस्ट की. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कृत्य के पीछे किसी संगठित समूह का हाथ तो नहीं है.

इस घटना के बाद क्षेत्र में धार्मिक माहौल बिगड़ने से रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button