
वाराणसी। वाराणसी में चौबेपुर क्षेत्र के गौरा उपरवार गांव से सुबह सवेरे दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गौरा उपरवार गांव से मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो छात्रों की मौत हो गई। हादसे में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ है। ग्रामीणों की सूचना के आधार पर पहुंची चौबेपुर थाने की पुलिस ने घायल छात्र को अस्पताल भिजवाया। तीनो छात्र अपनी बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे। तभी अचानक सामने से आ रहे तेज़ रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से ये हादसा हुआ। मौके पर मौजूद ग्रामीणों में हडकंप मच गया।

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने तीनों छात्रों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। चौबेपुर थाने की पुलिस के अनुसार, फिलहाल यही पता लगा है कि तीनों छात्र गौरा कलां स्थित गांधी इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे। परिजनों के चौबेपुर थाने पहुंचने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्रों की मौत के बाद परिजनों का बुरा हाल है।




